जोगीरा सारा रारा रा

0
1092

जोगीरा सारा रारा रा ।।

कौन रंग की राधा प्यारी
कौन रंग श्रीकंत
कौन रंग की लहंगा सारी
कौन रंग बसंत

जोगीरा सारा रारा रा ।।

गौर वर्ण की राधा प्यारी
श्याम वर्ण श्रीकंत
धानी रंग की लंहगा सारी
पीत रंग बसंत

जोगीरा सारा रा रा ।।

कौन रंग की अँगना तुलसी
कौन रंग अरिहंत
कौन रंग की अलसी कलसी
कौन रंग परियंत

जोगीरा सारा रारा रा ।।

हरित रंग की आँगन तुलसी
अनघ रंग अरिहंत
नील रंग की अलसी कलसी
धवल रंग परियंत

जोगीरा सारा रारा रा ।।

कौन रंग के फागन तोरे
कौन रंग के साज
कौन रंग में साजन बोरे
कौन रंग में लाज

जोगीरा सारा रारा रा ।।

सात रंग के फागन मोरे
सात रंग के साज
प्रीत रंग में साजन बोरे
रीत रंग में लाज

जोगीरा सारा रारा रा ।।

कौन रंग की चंपा खिले
कौन रंग गुलनार
कौन रंग की जूही खिले
कवन रंग रतनार

जोगीरा सारा रारा रा ।।

नारंग रंग की चंपा खिले
गुल रंग गुलनार
श्वेत रंग की जुही खिले
लाल रंग रतनार

जोगीरा सारा रारा रा ।।

कौन संग की सजी सेजरिया
कौन रंग की गोरी
कौन रंग की पीय पगरिया
कौन रंग की होरी

जोगीरा सारा रारा रा ।।

रंग बदामी सजी सेजरिया
गौर वर्ण की गोरी
रंग केसरिया पीय पगरिया
लाल रंग की होरी

जोगीरा सारा रारा रा ।।

✍अमरेन्द्र कुमार सिंह
आरा (भोजपुर) बिहार